मनेंद्रगढ़ में दो दिवसीय भव्य श्याम महोत्सव प्रारंभ, फागुन एकादशी पर तृतीय वार्षिक उत्सव, कल निकलेगी भव्य निशान यात्रा…

मनेंद्रगढ़। फागुन एकादशी के पावन अवसर पर श्री खाटू श्याम मंदिर, मनेंद्रगढ़ में दो दिवसीय तृतीय भव्य वार्षिक श्याम महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया जा रहा है । मंदिर समिति की ओर से समस्त श्रद्धालुओं, सदस्यों एवं नगरवासियों को सपरिवार उपस्थित होकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने का आमंत्रण दिया गया है।

समिति के सदस्यों के अनुसार गुरुवार को मंगल पाठ से कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया । वहीं कल शुक्रवार को प्रातः 10 बजे सुंदरकांड पाठ एवं भोग प्रसाद वितरण किया जाएगा। सायं 4 बजे स्थानीय श्री राम मंदिर से श्री खाटू श्याम मंदिर तक भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। सायं 7 बजे श्याम रसोई तथा रात्रि 8:30 बजे भव्य श्याम संकीर्तन का आयोजन होगा। संकीर्तन में भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालु बाबा की महिमा का गुणगान करेंगे। समिति के लोगों ने बताया कि फागुन एकादशी पर बाबा के दरबार में विशेष पूजन-अर्चन का महत्व है। “फागुन में जो दर पे आया, बाबा ने उसे गले लगाया” की भावना के साथ श्रद्धालु इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
आयोजनकर्ता श्री खाटू श्याम सेवा समिति, मनेंद्रगढ़ ने नगरवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।




