कोरियागरियाबंदछत्तीसगढ़जसपुरजांजगीर चांपाझारखण्डतातापानीदिल्लीदेशधानपुलिसप्रतापपुरबधाईबलरामपुरबलौदा बाजारबस्तरबिलासपुरभरतपुर सोनहतभाजपाभारतमनेन्द्रगढ़महासमुंदमहेंद्रगढ़मुंबईरंकारघुनाथनगरराजनीतिराजपुरराज्यसभारामानुजगंजरायपुरवीजापुरसम्मानसरगुजासुरजपुर

धान खरीदी के अंतिम चरण में प्रशासन सख्त, सीमावर्ती इलाकों में कलेक्टर–एसपी का औचक निरीक्षण

सीमावर्ती धान खरीदी केंद्रों और चेकपोस्टों का कलेक्टर–एसपी ने किया औचक निरीक्षण,अवैध धान परिवहन रोकने प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, अधिकारियों को सख्त निर्देश


बलरामपुर, 24 जनवरी 2026।
जिले में धान खरीदी के अंतिम चरण को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा एवं पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बेंकर ने उत्तरप्रदेश एवं मध्यप्रदेश से लगे सीमावर्ती धान खरीदी केंद्रों और चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खरीदी व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और अवैध धान परिवहन पर नियंत्रण की

स्थिति का विस्तार से जायजा लिया।


कलेक्टर एवं एसपी ने कहा कि धान खरीदी के अंतिम दिनों में बिचौलियों और कोचियों की गतिविधियां बढ़ने की संभावना रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में बाहरी राज्यों से अवैध रूप से धान की आवक जिले में नहीं होने दी जाएगी।


धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटारा ने सीमावर्ती धान खरीदी केंद्रों में पहुंचकर समिति प्रबंधकों से धान खरीदी, आवक एवं उठाव की जानकारी ली। उन्होंने पंजीकृत किसानों की कुल संख्या, अब तक की गई खरीदी तथा केंद्रों में उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि धान का नियमित और सतत उठाव सुनिश्चित किया जाए ताकि खरीदी केंद्रों में अनावश्यक भीड़ न हो और किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि समय पर उठाव नहीं होने से खरीदी प्रभावित होती है, जिसका सीधा नुकसान किसानों को होता है। इसलिए सभी नोडल अधिकारी और समिति प्रबंधक आपसी समन्वय से कार्य करें। इस दौरान उन्होंने खरीदी केंद्रों में उपस्थित किसानों से बातचीत कर खरीदी प्रक्रिया, भुगतान और अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


कोचियों और बिचौलियों पर सख्त नजर


कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध धान के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि कोचियों और बिचौलियों की पहचान कर उन पर कड़ी निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।


चेकपोस्टों पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण


अवैध धान परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने बलंगी बॉर्डर, धनवार, हल्दिमोड़, त्रिशूली एवं रामानुजगंज चेकपोस्ट का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चेकपोस्टों पर तैनात कर्मचारियों से पूछताछ कर वाहनों की जांच प्रक्रिया की जानकारी ली।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पड़ोसी राज्यों से आने वाले प्रत्येक वाहन की सघन जांच की जाए। उन्होंने कहा कि चेकपोस्ट रजिस्टर में वाहन का नाम, नंबर, चालक का विवरण तथा आने का उद्देश्य अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। इसके साथ ही संदिग्ध वाहनों पर विशेष निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के निर्देश भी दिए गए।


ड्यूटी रोस्टर और सीसीटीवी की जांच


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चेकपोस्टों पर कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी की जांच की और ड्यूटी रोस्टर के अनुसार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेकपोस्टों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया और कहा कि कैमरे चालू स्थिति में रहें ताकि निगरानी व्यवस्था और मजबूत हो सके।


कड़ी कार्रवाई की चेतावनी


निरीक्षण के अंत में कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा एवं एसपी श्री वैभव बेंकर ने दोहराया कि अवैध धान की आवक और परिवहन पर पूरी सख्ती बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वास्तविक किसानों को बिना किसी बाधा के धान खरीदी का लाभ मिल सके।

Related Articles

Back to top button