सड़क हादसे में घायल को देख स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रुकवाया काफिला, अस्पताल पहुंचाकर इलाज के दिए निर्देश…

चिरमिरी। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति की मदद की। बीती रात हल्दीबाड़ी में ड्यूटी पर जाते समय कुरासिया कॉलरी में क्लर्क के पद पर कार्यरत प्रवीण खूंटे नामक व्यक्ति दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर घायल अवस्था में पड़े थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे स्वास्थ्य मंत्री की नजर घायल पर पड़ी, तो उन्होंने तत्काल अपना काफिला रुकवाया। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बिना देर किए घायल प्रवीण खूंटे को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की और डॉक्टरों को तत्काल उचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री की इस त्वरित पहल से घायल को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। घटना के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने प्रोटोकॉल से अधिक मानवीय संवेदना को प्राथमिकता देते हुए घायल की मदद के लिए तत्परता दिखाई। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को देखकर तत्काल रुकना और उसे अस्पताल पहुंचाने की पहल करना उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।

स्वास्थ्य मंत्री ने सोशल मीडिया में पोस्ट लिखा कि ऐसी परिस्थितियों में सही समय पर मिली मदद किसी घायल व्यक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। आज इस घटना को आप सभी के साथ साझा करने का उद्देश्य केवल इतना है कि हम सभी अपने सामाजिक दायित्व को समझें। यदि कभी आपके सामने सड़क दुर्घटना में घायल कोई व्यक्ति दिखाई दे, तो केवल देखकर आगे न बढ़ें। तत्काल एंबुलेंस को सूचित करें और संभव हो तो घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुँचाने में सहायता करें। आपकी एक छोटी-सी मदद किसी के लिए बहुत महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। ईश्वर से प्रार्थना है की प्रवीण खूंटे जी शीघ्र स्वस्थ होकर अपने दैनिक जीवन में लौटें।



