जर्जर व्यवस्था को लेकर एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन, 7 दिवस में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

प्रतापपुर। शासकीय कालीदास महाविद्यालय प्रतापपुर में व्याप्त जर्जर भवन, टूटी बाउंड्रीवाल, खराब शौचालय और पेयजल की समस्या को लेकर एनएसयूआई के पदाधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं ने जिला प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है। यह ज्ञापन कलेक्टर सूरजपुर के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रतापपुर के माध्यम से सौंपा गया। इस दौरान एनएसयूआई के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


एनएसयूआई नेताओं ने बताया कि विकासखंड प्रतापपुर का एकमात्र शासकीय कालीदास महाविद्यालय लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में संचालित हो रहा है। महाविद्यालय में अध्ययनरत सैकड़ों छात्रों को बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार इस संबंध में प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
एनएसयूआई के अनुसार महाविद्यालय का भवन काफी जर्जर हो चुका है। कई स्थानों पर दीवारों में दरारें दिखाई दे रही हैं और छत की स्थिति भी ठीक नहीं है। ऐसे में छात्रों को पढ़ाई के दौरान हमेशा असुरक्षा की भावना बनी रहती है। छात्र-छात्राओं का कहना है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
महाविद्यालय परिसर की बाउंड्रीवाल भी कई जगहों से टूटी हुई है। इसके कारण बाहरी लोगों का महाविद्यालय परिसर में आवागमन बना रहता है। इससे न केवल कॉलेज का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होता है, बल्कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पर भी खतरा बना रहता है। एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कहा कि बाउंड्रीवाल की मरम्मत और नए निर्माण की सख्त जरूरत है, ताकि परिसर सुरक्षित रह सके।
इसके अलावा महाविद्यालय के शौचालयों की स्थिति भी बेहद खराब बताई गई है। शौचालयों में नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण गंदगी और दुर्गंध की समस्या बनी रहती है। इससे खासकर छात्राओं को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। एनएसयूआई ने मांग की है कि शौचालयों की साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए।
गर्मी के मौसम को देखते हुए छात्रों ने पेयजल की समस्या भी प्रमुख रूप से उठाई है। छात्रों का कहना है कि महाविद्यालय में स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कई बार पानी की टंकियां खाली रहती हैं या पानी साफ नहीं होता, जिसके कारण छात्रों को बाहर से पानी लाना पड़ता है। गर्मी के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है।
एनएसयूआई ने प्रशासन से मांग की है कि महाविद्यालय के जर्जर भवन का जल्द से जल्द मरम्मत कार्य कराया जाए, टूटी हुई बाउंड्रीवाल की मरम्मत एवं निर्माण किया जाए, शौचालयों की नियमित साफ-सफाई और सुधार सुनिश्चित किया जाए तथा छात्रों के लिए स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था की जाए।
एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष विनय कुमार चौधरी के नेतृत्व में यह ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान एनएसयूआई जिला महासचिव तनवीर अहमद, ब्लॉक अध्यक्ष (शहरी) रिजवान, अंजली आयम, राजा हसन, कमलेश रवि, नीता बघेल, दीपक, गोलू राजवाड़े, राहुल सिंह, बिट्टू कुमार, रितेश लकड़ा, राजन काशी, अभय सिंह, प्रकाश पैकरा, आयान, अमानत अंसारी सहित अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
इस दौरान एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष विनय कुमार चौधरी ने कहा कि महाविद्यालय में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि यदि 7 दिवस के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो एनएसयूआई छात्र हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।




