पत्नी को ले जाने और धमकी मिलने की शिकायत के बाद युवक की हत्या, पुलिस पर लापरवाही के आरोप

जान का खतरा बताने वाले युवक की झारखंड में खून से लथपथ लाश मिलने से सनसनी,प्रशासन को पहले ही दी थी हत्या की आशंका, अब पुलिस और जिला प्रशासन पर उठ रहे गंभीर सवाल
अंबिकापुर/गढ़वा। सरगुजा जिले के अंबिकापुर निवासी अमन ओझा की झारखंड में संदिग्ध परिस्थितियों में खून से लथपथ लाश मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सबसे बड़ी बात यह है कि अमन ओझा ने अपनी मौत से कुछ दिन पहले ही पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन को लिखित आवेदन देकर अपनी जान को खतरा बताया था। उसने अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने, लगातार धमकी मिलने और हत्या की आशंका की बात स्पष्ट रूप से अधिकारियों के सामने रखी थी। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर अब पुलिस प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कलेक्टर को दिया था लिखित आवेदन
मृतक अमन ओझा, पिता विद्यासागर ओझा, उम्र 29 वर्ष, निवासी मिशन चौक तिवारी बिल्डिंग रोड, अंबिकापुर ने कलेक्टर सरगुजा को आवेदन देकर बताया था कि उसकी पत्नी आंचल ओझा को एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। अमन ने आवेदन में कहा था कि उसकी चार वर्षीय बेटी को भी साथ ले जाया गया है।
अमन ने आरोप लगाया था कि जब भी वह अपनी पत्नी से संपर्क करने या उसका पता लगाने की कोशिश करता था, तब आरोपी युवक की ओर से मोबाइल नंबर 6265828643 से उसे लगातार धमकियां दी जाती थीं। आवेदन में यह भी उल्लेख था कि उसके साथ गाली-गलौज की जाती है और उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
“मुझे कभी भी मरवा सकते हैं”
अपने आवेदन में अमन ओझा ने यह भी कहा था कि आरोपी युवक और उसके साथी उस पर हमला कराने की कोशिश कर चुके हैं। उसने आशंका जताई थी कि कभी भी उसकी हत्या करवाई जा सकती है। आवेदन में उसने प्रशासन से सुरक्षा देने और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की थी।
अमन ने अधिकारियों से अपनी पत्नी और बेटी को वापस दिलाने की भी गुहार लगाई थी। लेकिन परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद प्रशासन की ओर से गंभीरता नहीं दिखाई गई।

सोशल मीडिया में भी जताई थी मौत की आशंका
मामला उस समय और गंभीर हो गया जब अमन ओझा के पुराने सोशल मीडिया पोस्ट सामने आए। इन पोस्ट में उसने अपनी जान को खतरा बताते हुए मदद की अपील की थी। उसने बजरंग दल सहित कई हिंदू संगठनों से सहयोग मांगा था। हालांकि समय रहते उसे कोई ठोस मदद नहीं मिल सकी।
अब उसकी मौत के बाद सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर जब युवक पहले से अपनी हत्या की आशंका जता रहा था, तब प्रशासन ने उसकी सुरक्षा को लेकर संवेदनशीलता क्यों नहीं दिखाई।

झारखंड के गढ़वा जिले में मिला शव
जानकारी के अनुसार झारखंड के गढ़वा जिले के रंका प्रखंड अंतर्गत बुढ़ापरास ग्राम पंचायत क्षेत्र में अमन ओझा का शव बरामद किया गया। शव खून से लथपथ हालत में मिला और शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक तस्वीरों और स्थानीय जानकारी के आधार पर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शव की स्थिति देखकर यह साफ प्रतीत होता है कि युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने नहीं आई है।

दूरी को लेकर भी उठ रहे सवाल
अंबिकापुर से जहां अमन ओझा का शव मिला है, वहां की दूरी लगभग 125 किलोमीटर बताई जा रही है। ऐसे में परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक को योजनाबद्ध तरीके से यहां लाया गया और हत्या कर शव फेंका गया।
लोगों का यह भी कहना है कि अगर युवक खुद वहां गया होता तो उसके परिजनों या परिचितों को इसकी जानकारी होती। लेकिन अचानक दूरस्थ इलाके में शव मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस प्रशासन पर उठ रहे सवाल
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर उठ रहा है। अमन ओझा ने लिखित आवेदन देकर अपनी हत्या की आशंका जताई थी, बावजूद इसके उसकी सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए, यह अब जांच का विषय बन गया है।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाती तो शायद अमन की जान बचाई जा सकती थी। अब लोग मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
क्षेत्र में आक्रोश का माहौल
अमन ओझा की मौत के बाद अंबिकापुर सहित आसपास के क्षेत्रों में आक्रोश का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी लोग न्याय की मांग कर रहे हैं। कई लोग इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग उठा रहे हैं।
फिलहाल झारखंड पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। लेकिन फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।




