छत्तीसगढ़बलरामपुरराज्यसभारामचंद्रपुररामानुजगंज

योग से निरोग जीवन का संदेश, रामानुजगंज में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

रामानुजगंज, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्थानीय लरंगसाय कम्युनिटी हॉल, रामानुजगंज में भव्य योग महोत्सव का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर के वरिष्ठ नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय कायाकल्प योग कक्षा के स्वयंसेवकों सहित बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सहभागिता कर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजगंज  आनंद नेताम एवं उपस्थित वरिष्ठजनों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन विधायक प्रतिनिधि शैलेश गुप्ता ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।

योग प्रशिक्षण सत्र में ज्ञानेंद्र वाजपेयी, जितेंद्र गुप्ता एवं सिम्मी गुप्ता ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए उपस्थित लोगों को योगाभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने नियमित योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का संदेश दिया।



योग महोत्सव में नगर के वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।

समापन अवसर पर नगर पालिका अधिकारी श्री सुधीर श्रीवास ने सभी अतिथियों, योग प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा ऐसे आयोजनों से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा कायाकल्प योग कक्षा रामानुजगंज के सदस्यों का विशेष सहयोग एवं योगदान रहा। सभी के सामूहिक प्रयासों से योग महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

“करें योग, रहें निरोग” तथा “योग अपनाइए, स्वस्थ एवं सुखी जीवन पाइए” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button