Uncategorized

NEET पेपर लीक समेत छात्र हितों के मुद्दों पर कांग्रेस चलाएगी राष्ट्रव्यापी आंदोलन…


मनेन्द्रगढ़। नीट पेपर लीक मामले सहित छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, भारतीय युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई संयुक्त रूप से देशभर में “छात्रों की गूंज” नाम से राष्ट्रव्यापी छात्र आंदोलन चलाएंगी। इसकी जानकारी कांग्रेस नेताओं ने मनेन्द्रगढ़ में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे गड़बड़ी के मामलों से छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर हुआ है। ऐसे में कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई मिलकर छात्रों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर बुलंद करने का काम करेंगी।


कांग्रेसी नेताओं ने बताया कि “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुना जाएगा तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई जाएगी। आंदोलन के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने में विफल रही है। लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों से युवाओं में निराशा का माहौल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी और देशभर में छात्रों को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास करेगी।


प्रेसवार्ता में प्रभारी के रूप में कांग्रेस महामंत्री पूनम सिंह, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनेन्द्रगढ़ सौरव मिश्रा, मनेन्द्रगढ़ ग्रामीण रामनरेश पटेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, व्यंकटेश सिंह के साथ युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों से इस आंदोलन में भाग लेकर अपनी आवाज मजबूत करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button