Uncategorized

रामानुजगंज-वाड्राफनगर मार्ग बदहाल, 60 किलोमीटर की सड़क पर जानलेवा गड्ढे, दुर्घटना का बढ़ा खतरा

रामानुजगंज-वाड्राफनगर मार्ग बदहाल, 60 किलोमीटर की सड़क पर जानलेवा गड्ढे, दुर्घटना का बढ़ा खतरा

बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के रामानुजगंज से वाड्राफनगर तक लगभग 60 किलोमीटर लंबा मुख्य मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े और गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। इसके बावजूद न तो संबंधित विभाग इस ओर ध्यान दे रहा है और न ही जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या का समाधान कराने में रुचि दिखा रहे हैं।

रामानुजगंज-वाड्राफनगर मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से रामचंद्रपुर के आसपास, त्रिकुंड, नवाडीह और भैंसा क्षेत्र में कई खतरनाक गड्ढे बने हुए हैं, जहां कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहन गुजरते हैं। गहरे गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा हमेशा बना रहता है, जबकि चारपहिया वाहनों का संचालन भी बेहद मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों और वाहन चालकों ने कई बार सड़क की मरम्मत की मांग उठाई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग तथा जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि रामानुजगंज-वाड्राफनगर मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button