जन्मदिन पर अंकित गुप्ता की पहल, जरूरतमंद बेटियों की शादी में देंगे 15 हजार तक का सहयोग

- जन्मदिन पर अंकित गुप्ता की पहल, जरूरतमंद बेटियों की शादी में देंगे 15 हजार तक का सहयोग
रामानुजगंज। अपने 33वें जन्मदिन के अवसर पर नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 निवासी समाजसेवी अंकित गुप्ता ने जरूरतमंद बेटियों की शादी में सहयोग की पहल शुरू की है। उन्होंने रामानुजगंज नगरपालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में रहने वाले ऐसे जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी के लिए 15 हजार रुपये तक के सामान का सहयोग देने की घोषणा की है, जिनके माता-पिता में से किसी एक या दोनों का निधन हो चुका है।
अंकित गुप्ता ने बताया कि समाज में ऐसे कई परिवार हैं, जहां माता या पिता के निधन के बाद बेटियों की शादी की जिम्मेदारी परिवार के लिए आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण हो जाती है। ऐसे परिवारों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने अपने जन्मदिन के अवसर पर यह पहल शुरू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सहयोग में जाति और धर्म का कोई भेद नहीं होगा। सभी धर्म और जाति के जरूरतमंद परिवार इस पहल का लाभ ले सकेंगे।
आवेदन की जरूरत नहीं, विवाह कार्ड के जरिए मिलेगी जानकारी
गुप्ता के अनुसार, सहयोग प्राप्त करने के लिए किसी प्रकार का आवेदन देने की आवश्यकता नहीं होगी। जिस परिवार में ऐसी बेटी का विवाह होने जा रहा है, वह विवाह का कार्ड उनके आवास पर पहुंचा सकता है। इसके बाद परिवार से आवश्यक जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार शादी के लिए जरूरी सामान उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 15 हजार रुपये की राशि सीधे नकद देने के बजाय शादी के लिए आवश्यक सामान की खरीदारी में सहयोग किया जाएगा। संबंधित परिवार अपनी जरूरत के अनुसार किसी भी दुकान से सामान खरीद सकता है और निर्धारित 15 हजार रुपये तक की राशि का भुगतान उनके द्वारा किया जाएगा।
सभी वार्डों के जरूरतमंद परिवार होंगे शामिल
समाजसेवी अंकित गुप्ता ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य उन परिवारों को सहारा देना है, जिनके सामने माता या पिता के निधन के बाद बेटी की शादी की जिम्मेदारी आ गई है। रामानुजगंज नगरपालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में रहने वाले पात्र और जरूरतमंद परिवार इस सहयोग के दायरे में होंगे।
उन्होंने कहा कि माता या पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद परिवार, खासकर बेटियों के सामने कई तरह की जिम्मेदारियां और परेशानियां खड़ी हो जाती हैं। ऐसे समय में अपनी क्षमता के अनुसार किसी बेटी या बहन की शादी में सहयोग करना सामाजिक जिम्मेदारी के साथ-साथ पुण्य का कार्य भी है।
गुप्ता ने बताया कि फिलहाल इस पहल की शुरुआत 15 हजार रुपये तक के सहयोग से की जा रही है। आने वाले समय में इसे और व्यापक रूप देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक मदद पहुंचाई जा सके।
