बलरामपुर में खुलेगा कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर, एआई से जुड़ेंगे युवा और स्व सहायता की दीदियां
एआई के क्षेत्र में बलरामपुर की नई पहल, खुलेगा कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर

एआई प्रशिक्षण के साथ युवाओं और स्व-सहायता समूह की महिलाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
बलरामपुर, 30 सितंबर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में बलरामपुर जिले ने नई पहल की है। जिला प्रशासन और प्रिज्मा एआई के बीच कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर की स्थापना के लिए गैर-वित्तीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर बुधवार को हस्ताक्षर किए गए। इसके साथ ही बलरामपुर डेटा लेबलिंग और एआई से जुड़ा कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर स्थापित करने वाला प्रदेश का पहला जिला बन गया है।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुए कार्यक्रम में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, प्रिज्मा एआई के सीईओ श्रीराम अय्यर, सीओओ अमिताभ राय चौधरी और सीटीओ विनीत कुमार झा मौजूद रहे।

10 सीटों से होगी शुरुआत
केंद्र की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर 10 सीटों से होगी। यहां चयनित युवाओं और स्व-सहायता समूह की महिलाओं को एआई साक्षरता और डिजिटल कौशल के साथ डेटा लेबलिंग, इमेज एवं ऑब्जेक्ट टैगिंग, वर्गीकरण, डेटा सत्यापन और गुणवत्ता समीक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागियों को विशेषज्ञों की निगरानी में वास्तविक परियोजनाओं पर काम करने का अवसर मिलेगा।
केंद्र में एक प्रशिक्षक और गुणवत्ता पर्यवेक्षक की तैनाती होगी। प्रतिभागियों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
जिले में ही रोजगार पर जोर
जिला प्रशासन के मुताबिक पहल का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं और स्व-सहायता समूह की महिलाओं को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ना है। जिले में बड़ी संख्या में 12वीं पास और स्नातक सदस्य स्व-सहायता समूहों से जुड़े हैं। इनमें कई सदस्य स्मार्टफोन और कंप्यूटर का इस्तेमाल करने में दक्ष हैं। ऐसे में डेटा एनोटेशन का प्रशिक्षण उन्हें एआई आधारित कार्यों से जोड़ने का माध्यम बन सकता है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि यह केंद्र महिलाओं और युवाओं को पारंपरिक आजीविका के साथ डिजिटल क्षेत्र में काम करने का अवसर देगा। इससे जिले में ही रोजगार और आय के नए अवसर विकसित किए जा सकेंगे।

प्रिज्मा एआई संभालेगी तकनीकी व्यवस्था
एमओयू के अनुसार केंद्र की तकनीक, संचालन, प्रशिक्षण, गुणवत्ता पर्यवेक्षण, प्रतिभागियों के पारिश्रमिक एवं प्रोत्साहन राशि और इंटरनेट कनेक्टिविटी का खर्च प्रिज्मा एआई वहन करेगी। जिला प्रशासन केंद्र के लिए परिसर और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था, हितग्राहियों के चयन तथा एनआरएलएम, कौशल विकास और शैक्षणिक संस्थानों के साथ समन्वय में सहयोग करेगा।
एआई के लिए तैयार होगा डेटा
प्रिज्मा एआई के सीईओ श्रीराम अय्यर ने बताया कि एआई आधारित प्रणालियों को प्रशिक्षित करने के लिए बड़ी मात्रा में सटीक और व्यवस्थित डेटा की जरूरत होती है। डेटा एनोटेशन के जरिए चित्रों, वस्तुओं और अन्य सूचनाओं की पहचान, टैगिंग और वर्गीकरण किया जाता है। बलरामपुर में स्थापित होने वाला केंद्र इसी तरह के कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करेगा।

1 से 7 अक्टूबर तक सेवा सेतु शिविर
पत्रकार वार्ता में सेवा संकल्प अभियान के तहत 1 से 7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों की जानकारी भी दी गई। जिला प्रशासन ने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से आम लोगों को विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।



