मुख्यमंत्री आज रघुनाथनगर में कर्मा महोत्सव में होंगे शामिल, 71.48 करोड़ के विकास कार्यों की देंगे सौगात
रघुनाथनगर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कर्मा महोत्सव में हुए शामिल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रघुनाथनगर में कर्मा महोत्सव में होंगे शामिल, जिले को देंगे 71.48 करोड़ के 694 विकास कार्यों की सौगात
बलरामपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज 27 नवंबर को वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर में आयोजित कर्मा महोत्सव में शामिल होंगे। इस दौरान वे जिले को 71 करोड़ 47 लाख 99 हजार रुपये की लागत के कुल 694 विकास कार्यों की सौगात देंगे। कार्यक्रम का आयोजन शासकीय हाई स्कूल ग्राउंड, रघुनाथनगर में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के हाथों 54 करोड़ 20 लाख 62 हजार रुपये की लागत के 672 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास और 17 करोड़ 27 लाख 37 हजार रुपये की लागत के 22 विकास कार्यों का लोकार्पण होगा। इसके साथ ही विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को सामग्री वितरण भी किया जाएगा।
सड़क निर्माण एवं ग्रामीण विकास कार्यों को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री लोक निर्माण विभाग के दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इनमें वाड्रफनगर विकासखंड में 877.68 लाख रुपये की लागत से भगवानपुर से मेंढ़ारी तक 6 किलोमीटर सड़क निर्माण तथा रामचंद्रपुर विकासखंड में 492.74 लाख रुपये की लागत से डिण्डो-विमलापुर-नवाडीह मार्ग के 18 किलोमीटर हिस्से का मजबूतीकरण एवं उन्नयन कार्य शामिल है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत वीबी-जी राम जी योजना के माध्यम से जिले के सभी विकासखंडों में विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। इनमें 61.56 लाख रुपये की लागत से सरकारी स्कूलों में 9 अतिरिक्त कक्ष, 458.98 लाख रुपये से 27 पुलिया, 348.88 लाख रुपये से 25 मिट्टी-मुरुम सड़कों तथा 3180.78 लाख रुपये की लागत से 609 अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं।
सात गांवों में नल-जल योजनाओं का लोकार्पण
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की 1431.84 लाख रुपये की लागत वाली 7 एकल ग्राम नल-जल योजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। बलरामपुर विकासखंड के भैंसामुण्डा, दलधोवा, खुर्रा और नवाडीहखुर्द तथा रामचंद्रपुर विकासखंड के कुर्लुडीह, धनपुरी और तामेश्वरनगर में इन योजनाओं से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।

रामानुजगंज अस्पताल में शुरू होगी डायलिसिस सुविधा
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में 100 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल रामानुजगंज में 36.10 लाख रुपये की लागत से स्थापित डायलिसिस यूनिट का लोकार्पण किया जाएगा। इससे किडनी रोगियों को स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिलेगी और डायलिसिस के लिए अन्य शहरों में जाने की परेशानी कम होगी।
इसके अलावा वीबी-जी राम जी योजना के तहत 140.28 लाख रुपये की लागत से निर्मित 12 आंगनबाड़ी भवनों का भी लोकार्पण होगा।
राजपुर एवं चान्दो में नवीन कार्यालय भवनों की सौगात
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा राजपुर में 48.03 लाख रुपये की लागत से निर्मित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय भवन तथा कुसमी विकासखंड के चान्दो में 71.12 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया जाएगा। इन भवनों के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों में बेहतर सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री का रघुनाथनगर दौरा जिले में विकास कार्यों को गति देने, ग्रामीण अधोसंरचना मजबूत करने, स्वास्थ्य एवं पेयजल सुविधाओं का विस्तार करने और आमजन को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
- 02:30 बजे: रघुनाथनगर स्थित आदर्श बालक आश्रम मैदान हेलीपेड से प्रस्थान।
- 02:35 बजे: शासकीय हाई स्कूल ग्राउंड, रघुनाथनगर आगमन।
- 02:35 बजे: कर्मा महोत्सव एवं मेगा हेल्थ कैंप में सहभागिता।
- 03:35 बजे: विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम।
- 03:35 बजे: हाई स्कूल ग्राउंड, रघुनाथनगर से प्रस्थान।
- 03:40 बजे: आदर्श बालक आश्रम मैदान स्थित हेलीपेड, रघुनाथनगर आगमन।
- 03:45 बजे: हेलीपेड से अगले गंतव्य के लिए प्रस्थान।



