धरना प्रदर्शन से पहले विभाग ने मानी मांगें, एरियर्स भुगतान के साथ लेखापाल की एकतरफा कार्यमुक्ति

धरना प्रदर्शन से पहले विभाग ने मानी मांगें, एरियर्स भुगतान के साथ लेखापाल की एकतरफा कार्यमुक्ति
रामानुजगंज़। प्रस्तावित धरना प्रदर्शन से ठीक पहले शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की मांगें मान लीं। एरियर्स राशि के भुगतान की प्रक्रिया पूरी की गई, वहीं कार्यालय विकासखंड रामचंद्रपुर में वर्षों से संलग्न लेखापाल को जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा एकतरफा रूप से कार्यमुक्त कर दिया गया।
इस निर्णय के बाद शिक्षकों में उत्साह देखा गया। शिक्षकों ने इसे अपनी एकजुटता की जीत बताते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया और विक्ट्री साइन के साथ खुशी जताई।

धरना प्रदर्शन में शिक्षिका ने आरोप लगाते हुए बताया कि संबंधित लेखापाल द्वारा उन पर विशेष बैंक में खाता खुलवाने का दबाव बनाया जा रहा था। ऐसा न करने पर वेतन रोकने की धमकी दी जाती थी और बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने को विवश किया जाता था।
छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप चौबे ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षिका का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के साथ किसी भी प्रकार का दबाव या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिला ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती सिम्मी गुप्ता और कार्यकारी महिला ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती विभा कश्यप ने भी स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संघ अनिश्चितकालीन धरना देने को बाध्य होगा।
धरना स्थल पर उस समय खुशी का माहौल बन गया, जब जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संलग्नीकरण समाप्त कर लेखापाल को एकतरफा रूप से रिलीव किए जाने की सूचना मिली।

आज के कार्यक्रम में विकासखंड की लगभग सभी शालाओं से शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष उपेंद्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप चौबे, राजवैभव सिंह, संजय यादव, विद्यासागर यादव, कुंदन दुबे, उमेश सरकार, अजय गुप्ता, रामपुकार, राजेश ध्रुवा, धीरज वर्मन, आशीष दुबे, सिम्मी गुप्ता, विभा कश्यप, मंजू मेहता, नंदिनी भारद्वाज, दीपमाला गुप्ता, बिरन सिंह, अर्जुन यादव, अभिषेक माइकेला लकड़ा, साधना एक्का, अन्नू रवानी, फ्रिस्का बाखला, ज्योति गुप्ता, उर्वशी सोनी, शिला सुमन, सुमित्रा सिंह, नीमा गुप्ता, प्रविन बेक, रेनू पाण्डेय, किरणलता, कलावती, आशापन्ना, सुनीता गुप्ता, माया श्रीवास्तव, कविता सिंह, क्रुस्मिन बेक, सोनिया ओयमा, ममता मिंज, रतिप्रिया और अंजुरी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।





