मनेंद्रगढ़ अस्पताल में मरीजों को मिले कंबल,अचानक बढ़ी ठंड के बाद स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर व्यवस्था


मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में मौसम ने अचानक करवट ली है। गर्मी के मौसम के बीच कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। इस स्थिति को देखते हुए, जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल में मरीजों के लिए 101 नए कंबलों की व्यवस्था की गई है।
जिले के सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव और ठंड बढ़ने के बाद प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मामले का संज्ञान लिया था। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए कंबल की व्यवस्था करने का निर्देश दिया था।

इसी निर्देश के तहत, सामूहिक प्रयासों से 220 बिस्तरों वाले मनेन्द्रगढ़ अस्पताल में 101 कंबलों की व्यवस्था की गई है। वर्तमान में अस्पताल में 27 मरीज भर्ती हैं। डॉ. खरे ने बताया कि भविष्य में आवश्यकतानुसार और भी कंबलों की व्यवस्था की जाएगी।
इस सामूहिक प्रयास में बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने 50, लायंस क्लब ने 20, और सीएमएचओ कार्यालय के कर्मचारियों-अधिकारियों ने 31 कंबल प्रदान किए हैं। डॉ. खरे ने इस तरह के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल को शहर के जागरूक नागरिकों और समाजसेवियों से लगातार सहयोग मिलता रहता है और भविष्य में भी इसकी उम्मीद है। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे ने स्वयं मरीजों को कंबल वितरित किए। कंबल वितरण के दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी, सोमेंद्र मंडल, अविनेश पांडेय, स्टाफ नर्स अनुपमा सिंह सहित अस्पताल के अन्य कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित रहे।



