विवाहित महिला की संदिग्ध मौत: पिता ने लगाया सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का आरोप “न्यायालय से न्याय की अपील”

विवाहित महिला की संदिग्ध मौत, पिता ने लगाया सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का आरोप
बलरामपुर जिले के थाना सनावल क्षेत्र के ग्राम बरवाही में एक विवाहित महिला जमीला खातुन की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थीं। मृतका के पिता फिरोज अंसारी, निवासी ग्राम खाला, थाना धुरकी, जिला गढ़वा (झारखंड) ने तीन युवकों पर उनकी पुत्री के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
फिरोज अंसारी ने इस संबंध में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी), रामानुजगंज को लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन में उन्होंने बताया कि जमीला खातुन का विवाह लगभग छह-सात वर्ष पूर्व ग्राम बरवाही निवासी जमीर अंसारी (पुत्र अलमुद्दीन अंसारी) से हुआ था। उनके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के समय मृतका का पति मजदूरी के लिए जबलपुर (मध्यप्रदेश) गया हुआ था।

आवेदक के अनुसार, सैयद अली (21), फैयाज अंसारी (22) और सोनू अंसारी (30) — तीनों निवासी ग्राम कुसुमियादामर, थाना बरडीहा, जिला गढ़वा (झारखंड) — मृतका से मोबाइल फोन पर संपर्क में थे। आरोप है कि उन्होंने फोन कर जमीला को घर से लगभग दो किलोमीटर दूर जंगल में बुलाया, जहां तीनों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद 7 सितंबर 2025 को आरोपियों ने मृतका के घर पर ही गला दबाकर नायलॉन की रस्सी से फांसी के फंदे पर लटका दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।


फिरोज अंसारी का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने थाना सनावल में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन सनावल पुलिस ने आवेदन लेने से इनकार कर दिया और केवल जांच का आश्वासन दिया। उनका आरोप है कि अब तक किसी भी आरोपी के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई सनावल थाने से नहीं की गई है।
न्याय की गुहार लगाते हुए मृतका के पिता ने अब जिला न्यायालय रामानुजगंज से गुहार लगाई है जिससे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कारवाही हो सके ।स्थानीय लोगों ने भी इस जघन्य अपराध में न्याय दिलाने की मांग की है।


