
बलरामपुर में फर्जी दस्तावेज़ों से ज़मीन हड़पने का मामला उजागर, चार आरोपी गिरफ्तार
32 डिसमिल भूमि की फर्जी रजिस्ट्री, स्कार्पियो वाहन और दस्तावेज़ जब्त, अन्य आरोपी भी रडार पर
बलरामपुर। थाना कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने एक सुनियोजित धोखाधड़ी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने फर्जी दस्तावेजों के सहारे एक ग्रामीण की ज़मीन हड़प ली थी। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता की ओर से प्रस्तुत आवेदन और उसके आधार पर की गई जांच के पश्चात की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलरामपुर तहसील अंतर्गत ग्राम अलखडीहा निवासी बोलो सिंह ने दिनांक 25 अप्रैल 2025 को थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ व्यक्तियों ने मिलकर कूटरचित दस्तावेज़ तैयार कर उनकी ज़मीन को धोखे से बेच दिया है।
शिकायत में कहा गया कि आरोपियों ने केवल 5 डिसमिल भूमि की रजिस्ट्री के स्थान पर फर्जी तरीके से 32 डिसमिल भूमि का दस्तावेज तैयार करवा कर धोखाधड़ी की। पुलिस द्वारा शिकायत की बारीकी से जांच की गई, जिसमें यह साफ हुआ कि एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत फर्जी कागजात तैयार किए गए थे और जमीन की अवैध रजिस्ट्री कराई गई थी।
थाना बलरामपुर में दिनांक 05 मई 2025 को प्रकरण दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 52/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2), 62, 3(5) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
जांच के दौरान जिन चार व्यक्तियों की संलिप्तता पाई गई, वे हैं:
1. शशिकांत तिवारी, पिता – कृष्णकांत तिवारी, निवासी – अम्बिकापुर
2. सुनील सिंह, पिता – विश्राम सिंह, निवासी – ग्राम जतरो, थाना बलरामपुर
3. अरविंद किंडो, पिता – कलाडियूस किंडो, निवासी – ग्राम जतरो, थाना बलरामपुर
4. दीपक शर्मा, पिता – श्री राम शर्मा, निवासी – ग्राम सेमली, थाना बलरामपुर
पुलिस ने चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 06 मई 2025 को माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी बलरामपुर के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
मामले में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन तथा रजिस्ट्री से संबंधित मूल कूटरचित दस्तावेज भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। थाना प्रभारी के अनुसार इस प्रकरण में अन्य लोगों की भी संलिप्तता सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ़्तार किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भूमि संबंधी धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े के मामलों में बलरामपुर पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे ज़मीन से जुड़े किसी भी लेनदेन में पूरी सतर्कता बरतें और शंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।



