मनीष मिश्रा बने पत्रकार प्रेस परिषद, उत्तर प्रदेश के नए प्रदेश अध्यक्ष

प्रदेशभर के पत्रकारों में उत्साह, सभी जिलों में जल्द होगा संगठन का विस्तार
लखनऊ। पत्रकार प्रेस परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबा कृष्ण देव जी के निर्देश पर चेयरमैन ऋषभ मिश्रा ‘आज़ाद’ ने मनीष मिश्रा को उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस अवसर पर परिषद के प्रदेश कार्यालय में एक औपचारिक समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में राष्ट्रीय सलाहकार निरंकार सिंह ने मनीष मिश्रा को मनोनयन पत्र और संगठन का प्रतीक चिन्ह सौंपा। वरिष्ठ पदाधिकारी बृजेश कुमार पांडे ने उन्हें बुके देकर शुभकामनाएं दीं, वहीं अन्य सदस्यों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने कहा, “राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करूंगा। मेरा लक्ष्य है कि पत्रकार प्रेस परिषद को कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक सशक्त संगठन के रूप में स्थापित किया जाए।”
उन्होंने यह भी घोषणा की कि अगले 15 दिनों के भीतर उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में संगठनात्मक ढांचा तैयार कर उसकी रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष और चेयरमैन को सौंपी जाएगी।
मनीष मिश्रा की नियुक्ति की खबर से प्रदेशभर के पत्रकारों में उत्साह का माहौल है। इस मौके पर जितेंद्र गुप्ता, मुकेश वर्मा, ओझा जी, मोहम्मद नासिर, सतीश कुमार समेत कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।




