
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक नक्सल प्रभावित गांवों में पहुंचे, लोगों से संवाद कर किया वितरण
गरियाबंद जिले के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा अपनी सर्चिंग टीम के साथ आज नक्सल प्रभावित ग्राम छिंदौला और खोलपारा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनके हाल-चाल जाने और उनकी समस्याओं को समझा। पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को स्कूल बैग, महिलाओं को साड़ी, युवाओं को टी-शर्ट और पुरुषों को गमछा भेंट स्वरूप प्रदान किया।

पुलिस अधीक्षक को अपने बीच देखकर ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। बच्चों के साथ-साथ महिलाओं और पुरुषों ने भी इस पहल की सराहना की। इस मौके पर उन्होंने गांववासियों को सुरक्षा का आश्वासन देते हुए पुलिस और नागरिकों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।

टीम की उपस्थिति:
इस दौरे में एसडीओपी मैनपुर बाजी लाल सिंह, एसटीएफ डीएसपी जगने, और अन्य पुलिस जवान भी शामिल रहे। यह दौरा सुरक्षा और विकास के उद्देश्य से ग्रामीणों को मुख्यधारा से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।



