हरिद्वार में चमके रामानुजगंज के कराटे खिलाड़ी, जीते कई पदक

हरिद्वार में आयोजित 8वीं ISF नेशनल कराटे चैंपियनशिप में रामानुजगंज के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
रामानुजगंज। उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित 8वीं ISF नेशनल कराटे चैंपियनशिप 2026 में रामानुजगंज के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए और पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के 14 राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक रहे।
रामानुजगंज मार्शल आर्ट कराटे ट्रेनिंग सेंटर के मुख्य प्रशिक्षक शिहान तरुण शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में राधा रानी शर्मा ने अपनी कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किया। वहीं महिमा सिंह सिदार, कृष्ण कुमार विश्वकर्मा एवं कुमारी मुस्कान ने सिल्वर मेडल हासिल कर संस्था एवं शहर का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा अंश कुमार एवं कुमारी आराध्या ने अपनी-अपनी कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक रहे। उनके साथ सभासद राजेश शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता से शहर वापसी पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष एवं मार्शल आर्ट कराटे ट्रेनिंग सेंटर के मुख्य संरक्षक रमन अग्रवाल द्वारा सभी खिलाड़ियों का फूलमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इसके पश्चात खिलाड़ियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नगर के गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में पार्षद विजय रावत, पूर्व पार्षद प्रमोद कश्यप, विपुल सिंह, ओम प्रकाश एवं ललन पासवान सहित अन्य सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर खुशी व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर शहर के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी महिमा सिंह सिदार एवं कृष्ण कुमार विश्वकर्मा को “द्रोण रत्न बेस्ट प्लेयर अवार्ड-2026” से भी सम्मानित किया गया। दोनों खिलाड़ियों ने लगातार कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न राज्यों में मेडल जीतकर शहर एवं राज्य का नाम रोशन किया है।

इस अवसर पर रमन अग्रवाल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि,
“रामानुजगंज के इन बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर छोटे शहरों के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान बना सकते हैं। यह सिर्फ मेडल नहीं, बल्कि पूरे शहर का सम्मान है। आने वाले समय में यही खिलाड़ी प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन करेंगे।”
अंत में मुख्य प्रशिक्षक शिहान तरुण शर्मा ने सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।



