मनेन्द्रगढ़ के आबिद व अथर्व का बस्तर शानदार प्रदर्शन, कोरिया टीम की शानदार जीत, सेमीफाइनल से एक कदम दूर…

मनेन्द्रगढ़ । 14 व 15 अप्रैल को खेले गए रोमांचक क्रिकेट मुकाबले में कोरिया जिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बस्तर जिला को 6 विकेट से हराकर जीत अपने नाम की। पूरे मैच के दौरान कोरिया टीम ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही विभागों में संतुलित और प्रभावी खेल दिखाया, जिससे बस्तर की टीम पर लगातार दबाव बना रहा।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए बस्तर की टीम कोरिया के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और पहली पारी में मात्र 105 रन पर सिमट गई। कोरिया की ओर से कुश चावड़ा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए, जबकि अथर्व सिंह ने 3 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। स्वाभिमान और आशीष ने भी 1-1 विकेट लेकर टीम की पकड़ मजबूत बनाए रखी।

इसके जवाब में कोरिया की टीम ने संयमित और योजनाबद्ध बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम ने पहली पारी में 161 रन बनाकर महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। इस पारी के हीरो रहे आबिद अली, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 105 रन नाबाद बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनके अलावा कुश चावड़ा ने 15 रन का योगदान दिया। दूसरी पारी में बस्तर की टीम एक बार फिर कोरिया के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई और पूरी टीम मात्र 87 रन पर सिमट गई। इस बार अथर्व सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और मैच में निर्णायक भूमिका निभाई। कुश चावड़ा और आबिद अली ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी टीम को संभलने का मौका नहीं दिया, जबकि स्वाभिमान ने भी 1 विकेट हासिल किया।
इस तरह कोरिया को जीत के लिए 32 रनों का आसान लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने थोड़ी शुरुआती लड़खड़ाहट के बावजूद 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया और मैच अपने नाम कर लिया।

मैच के बाद जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष गुरमीत सिंह, सचिव आशीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अमित चावड़ा, वरिष्ठ कोच विनोद जायसवाल, संजय सिंह, रमणीक सिंह रैना, अखंड सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने टीम के खिलाड़ियों को जीत की बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। टीम के साथ मैनेजर के रूप में शारदा मरावी (ज्वाइंट सेक्रेट्री) तथा कोच किशन केवट की अहम भूमिका रही।
अब कोरिया टीम का अगला मुकाबला कांकेर जिला से 17 व 18 अप्रैल को खेला जाएगा, जिसे लेकर खिलाड़ियों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिल रहा है।



