भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार पिकअप, दो की मौत, 9 गंभीर घायल

बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार पिकअप, दो की मौत, 9 गंभीर घायल
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। करौंधा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के वक्त पिकअप में करीब 20 लोग सवार थे। दुर्घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही करौंधा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 9 लोगों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

दो महिलाओं की मौत
हादसे में सुरजमणि पति बालेश्वर (40 वर्ष) और किरण पति कपिल (30 वर्ष) की मौत हुई है। दोनों करौंधा थाना क्षेत्र के देवरी गांव की रहने वाली थीं।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर पिकअप की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होने को हादसे की वजह बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



