मुर्गा बनाने की बात पर भड़का पति, डंडे से पत्नी के सिर-पेट पर किए वार, मौत के बाद आरोपी गिरफ्तार
मामूली बात पर खूनी खेल! पत्नी ने मुर्गा नहीं बनाया तो पति ने डंडे से पीटकर कर दी हत्या

मुर्गा बनाने की बात पर पत्नी से हुआ विवाद, डंडे से सिर-पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दी हत्या; आरोपी पति गिरफ्तार
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मुर्गा बनाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में पति ने लकड़ी के डंडे से पत्नी के सिर और पेट पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने तलाश कर गिरफ्तार कर लिया है।
हड़िया पीने के बाद हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, जोकापाठ (लालदारा) निवासी दुखनी बाई अपने पति रमेश कोरवा के साथ रहती थी। घटना से एक दिन पहले दोनों ने हड़िया शराब बनाकर पी थी। शाम करीब 4 से 5 बजे रमेश ने पत्नी से मुर्गा बनाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर रमेश ने कथित तौर पर लकड़ी के डंडे से दुखनी के सिर और पेट पर कई वार किए। इसके बाद वह घर से भाग गया। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के पिता सोमारू साय लालदारा पहुंचे। घर के अंदर कमरे में उनकी बेटी मृत पड़ी थी और शरीर पर चोट के निशान थे।

पुलिस ने आरोपी को दबोचा, डंडा भी बरामद
सूचना मिलते ही शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने देहाती मर्ग इंटीमेशन की कार्रवाई के बाद अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एफएसएल अधिकारी की मौजूदगी में घटनास्थल का पंचनामा किया गया।
पुलिस ने आरोपी रमेश कोरवा की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पत्नी द्वारा मुर्गा नहीं बनाने और विवाद से नाराज होकर डंडे से मारपीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल सरई लकड़ी का डंडा बरामद किया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
शंकरगढ़ पुलिस ने आरोपी रमेश कोरवा पिता टिमला, उम्र 28 वर्ष, निवासी जोकापाठ (लालदारा) को 30 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना शंकरगढ़ में अपराध क्रमांक 97/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह, उप निरीक्षक बसंत एक्का, आरक्षक बबलू बेक सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।


