बलरामपुर में बीजेपी की विशाल पदयात्रा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर साधा निशाना
बलरामपुर में बीजेपी की विशाल पदयात्रा, ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे से गूंजा जिला मुख्यालय

बलरामपुर में बीजेपी की विशाल पदयात्रा, ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे से गूंजा जिला मुख्यालय
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने की पदयात्रा की अगुवाई, कांग्रेस पर संसद की कार्यवाही बाधित करने और जनता को गुमराह करने का लगाया आरोप
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ विशाल पदयात्रा निकाली। प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। इस दौरान पार्टी नेताओं ने कांग्रेस और उसके सहयोगी संगठनों पर देश का माहौल खराब करने तथा जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
पदयात्रा के दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस और उसके गठबंधन के सहयोगी लगातार संसद की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए सरकार द्वारा देश की जनता के हित में लिए जा रहे महत्वपूर्ण फैसलों को लेकर विपक्ष भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।

मंत्री नेताम ने कहा कि विपक्ष की ओर से संसद नहीं चलने देना और जनता को गुमराह करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए गठबंधन और केंद्र सरकार के खिलाफ माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने आगे कहा कि इन्हीं परिस्थितियों के विरोध में बीजेपी देशभर में आम जनता के साथ मिलकर ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चला रही है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया जा रहा है।

बलरामपुर में निकाली गई इस पदयात्रा के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। पदयात्रा के माध्यम से बीजेपी ने विपक्ष की नीतियों और संसद में उसके रवैये के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।



