कोरियागरियाबंदछत्तीसगढ़जसपुरजांजगीर चांपाझारखण्डदिल्लीप्रतापपुरबलरामपुरबलौदा बाजारबस्तरबिलासपुरभरतपुर सोनहतभाजपाभारतमहासमुंदमहेंद्रगढ़मुंबईराजपुरराज्यसभारामचंद्रपुररामानुजगंजरायगढ़रायपुररायपुरवीजापुरसरगुजासुरजपुर

बलरामपुर में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई,अवैध रेत खनन में लगी मशीनें और वाहन जब्त

बलरामपुर में अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन का शिकंजा, चैन माउंटेड मशीन सहित कई वाहन जब्त
खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई, लाखों रुपये की वसूली; कई मामलों में नोटिस जारी
बलरामपुर, 27 मई 2026। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में खनिज विभाग द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार औचक निरीक्षण और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड रामचंद्रपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत धौली लिबरा स्थित रेत खदान क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में संलिप्त एक चैन माउंटेड मशीन जब्त की गई है।


खनिज विभाग को विभिन्न माध्यमों से सूचना मिली थी कि कन्हर नदी के किनारे नियमों के विपरीत मशीनों का उपयोग कर रेत उत्खनन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर खनिज अमले ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां एक चैन माउंटेड मशीन रेत उत्खनन कार्य में लगी पाई गई। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मशीन को जब्त कर लिया।
खनिज अधिकारी श्री राहुल गुलाटी ने बताया कि रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम पचावल स्थित पांगन नदी में वर्तमान में तीन रेत खदानें स्वीकृत एवं संचालित हैं। हालांकि विभाग को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि यहां मशीनों के माध्यम से नियमों के विपरीत रेत उत्खनन किया जा रहा है। शिकायतों की पुष्टि के लिए खनिज अमले ने क्षेत्र का निरीक्षण किया, जिसमें पांगन नदी किनारे एक पोकलेन मशीन उत्खनन कार्य में संलिप्त पाई गई। विभाग ने मशीन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी जिले में कई बड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। रामानुजगंज और रामचंद्रपुर क्षेत्र में पांगन नदी से अवैध रेत खनन कर रैम्प और रास्ता बनाए जाने की शिकायत पर एक जेसीबी वाहन जब्त किया गया था। संबंधित पक्ष द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रकरण में एक लाख रुपये की शास्ति राशि वसूल कर शासन के खाते में जमा कराई गई।


इसके अलावा ग्राम पचावल में ही अवैध रूप से रेत भंडारण करते पाए जाने पर विभाग ने एक जेसीबी और एक हाइवा वाहन जब्त किया था। जांच के दौरान संबंधित व्यक्तियों द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए 42 हजार 850 रुपये की शास्ति राशि वसूली।


खनिज अधिकारी ने बताया कि मई 2026 के दौरान राजपुर, बरियों और शंकरगढ़ क्षेत्र की महान नदी एवं गलफूला नदी में भी अवैध रेत परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान 19 वाहनों को अवैध परिवहन करते पाए जाने पर जब्त किया गया। जब्त वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से राजपुर थाना, बरियों चौकी और डिपाडीह पुलिस सहायता केंद्र में रखा गया है।
जिले में अवैध खनन के खिलाफ चल रही कार्रवाई के आंकड़े भी प्रशासन की सक्रियता को दर्शाते हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े कुल 152 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें से 142 मामलों का निराकरण करते हुए 35 लाख 2 हजार 524 रुपये की वसूली की गई है, जबकि शेष 10 मामलों में नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई जारी है।


वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 12 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से 6 मामलों का निराकरण करते हुए 1 लाख 78 हजार 880 रुपये की वसूली की गई है, जबकि 6 अन्य मामलों में नोटिस जारी कर जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button