मनेन्द्रगढ़

विश्व आदिवासी दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न, भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार…

ANAND MISHRA OFFICIAL PRESENTS

मनेंद्रगढ़/एमसीबी। आगामी 9 अगस्त को मनाए जाने वाले विश्व आदिवासी दिवस 2026 के अवसर पर सर्व आदिवासी समाज, जिला एमसीबी के तत्वाधान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज गोंडवाना भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजजनों ने सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की।
बैठक में पूर्व विधायक गुलाब कमरो, सर्व आदिवासी समाज के जिला संरक्षक परमेश्वर गुरुजी, जिला अध्यक्ष शरण सिंह, आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमोल सिंह मरावी, अमर सिंह, भगवान सिंह सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा प्रतिनिधि एवं सम्माननीय जन उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं, इतिहास, भाषा, कला, लोकजीवन एवं संवैधानिक अधिकारों को याद करने और उन्हें आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए इस वर्ष कार्यक्रम को विशेष रूप से भव्य, अनुशासित एवं गरिमामय स्वरूप देने का निर्णय लिया गया।बैठक में समाज के सभी वर्गों युवा, महिला, छात्र-छात्राओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों के गठन, जिम्मेदारियों के निर्धारण, प्रचार-प्रसार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, स्वागत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज ने सदैव प्रकृति संरक्षण, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विश्व आदिवासी दिवस के माध्यम से समाज की एकता, पहचान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपराएं देश की अमूल्य धरोहर हैं। इन्हें संरक्षित एवं संवर्धित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से विश्व आदिवासी दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक के अंत में सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों ने जिले के सभी समाजजनों, युवाओं, महिलाओं एवं विद्यार्थियों से 9 अगस्त को आयोजित होने वाले विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

Related Articles

Back to top button