अम्बिकापुरछत्तीसगढ़बलरामपुरराजपुरराज्यसभारामचंद्रपुररामानुजगंजसरगुजा

अंबिकापुर में मानव तस्करी का बड़ा खुलासा, 16 लड़कियों समेत 20 लोग रेस्क्यू

अंबिकापुर में मानव तस्करी का बड़ा खुलासा, 16 लड़कियों समेत 20 लोगों को बस से किया गया रेस्क्यू


अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में मानव तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की सतर्कता से 16 लड़कियों और 4 लड़कों समेत कुल 20 लोगों को संदिग्ध परिस्थितियों में कर्नाटक ले जाए जाने से पहले रेस्क्यू किया गया। सभी को देर शाम अंबिकापुर के अंतरराज्यीय बस स्टैंड में पहुंची रॉयल बस से उतारकर सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।


मिली जानकारी के अनुसार, सभी युवक-युवतियां झारखंड के भंडरिया क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उन्हें कर्नाटक में विभिन्न कंपनियों में रोजगार दिलाने और अधिक वेतन का लालच देकर ले जाया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि यह मामला मानव तस्करी से जुड़ा हो सकता है, जिसके चलते प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।


बताया जा रहा है कि जिला संरक्षण बाल इकाई और सामाजिक संगठन एमएसवीपी (MSVP) को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि बड़ी संख्या में युवक-युवतियों को बहला-फुसलाकर दूसरे राज्य ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की टीम ने अंबिकापुर अंतरराज्यीय बस स्टैंड पर निगरानी बढ़ाई और रॉयल बस के पहुंचते ही कार्रवाई करते हुए सभी 20 लोगों को अपने संरक्षण में ले लिया।
रेस्क्यू के बाद सभी लोगों की काउंसलिंग कराई जा रही है। अधिकारियों द्वारा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्हें किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, रोजगार संबंधी क्या वादे किए गए थे और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही उनके परिजनों और स्थानीय प्रशासन से भी संपर्क स्थापित किया जा रहा है।


इस मामले के सामने आने के बाद सरगुजा पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस मानव तस्करी के संभावित नेटवर्क और इसके सरगना की तलाश में जुट गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। यदि मानव तस्करी की पुष्टि होती है तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नौकरी और बेहतर भविष्य का झांसा देकर दूसरे राज्यों में ले जाने के मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस कार्रवाई से एक बार फिर मानव तस्करी के सक्रिय नेटवर्क की आशंका सामने आई है, जिसे लेकर प्रशासन और पुलिस सतर्क हैं।

Related Articles

Back to top button