BPCL ने मनेन्द्रगढ़ की सड़कें खोदकर किया बदहाल , कांग्रेस का अल्टीमेटम—15 दिनों में सुधार करो, नहीं तो होगा आंदोलन…

एमसीबी। मनेन्द्रगढ़ शहर में बीपीसीएल द्वारा गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। पिछले करीब दो साल से चल रहे निर्माण कार्य के कारण शहर की कई सड़कें बदहाल हो चुकी हैं, जबकि खुदाई के दौरान बार-बार पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। इससे शहरवासियों को खराब सड़कों के साथ-साथ पानी की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है।
एमसीबी जिला कांग्रेस प्रवक्ता एवं वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने बीपीसीएल कंपनी और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि खुदाई के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं कराई जा रही है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान पेयजल पाइपलाइन बार-बार टूटने से कई वार्डों में पानी की सप्लाई बाधित हो रही है।
स्वप्निल सिन्हा के अनुसार शहर के कई हिस्सों में बड़े-बड़े गड्ढे, मिट्टी के ढेर और बरसात के कारण कीचड़ व जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई जगह केवल औपचारिकता निभाने के लिए एक पीला बैरिकेड लगाकर छोड़ दिया गया है। रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है और कई बाइक सवार घायल भी हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि गड्ढों में जमा गंदा पानी मच्छरों के प्रकोप को बढ़ा रहा है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। वहीं सड़क की एक लेन बंद रहने से शहर में लगातार जाम लग रहा है, जिससे लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कंपनी पाइपलाइन बिछाने का काम तो कर रही है, लेकिन सड़क मरम्मत, यातायात सुरक्षा और जलापूर्ति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी नहीं निभा रही है। उन्होंने कहा कि नागरिक टैक्स देने के बावजूद बदहाल सड़कें और पेयजल संकट झेलने को मजबूर हैं।
स्वप्निल सिन्हा ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि 15 दिनों के भीतर सभी खोदी गई सड़कों की मरम्मत कर उन्हें आवागमन योग्य बनाया जाए, सभी स्थानों पर उचित बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं तथा पेयजल पाइपलाइन को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आम नागरिकों के साथ जनहित में आंदोलन करेगी।



