मंत्री रामविचार नेताम की पहल से रामानुजगंज महाविद्यालय को 2.91 करोड़ की सौगात, बनेगा नया भवन
टेंडर प्रक्रिया पूरी, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य; 2500 विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर शैक्षणिक वातावरण

रामानुजगंज। क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार और महाविद्यालय की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। शासकीय लरंग साय अग्रणी महाविद्यालय, रामानुजगंज में नवीन अतिरिक्त भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने 2 करोड़ 91 लाख 22 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। दो दिन पूर्व टेंडर खुलने के बाद अब जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।
यह उपलब्धि क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के सतत प्रयासों और शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम मानी जा रही है। मंत्री के विशेष प्रयासों से रामानुजगंज के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थान को यह महत्वपूर्ण सौगात मिली है, जिससे महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

उल्लेखनीय है कि शासकीय लरंग साय अग्रणी महाविद्यालय वर्ष 1987 से क्षेत्र में उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। वर्तमान में महाविद्यालय में रामानुजगंज सहित आसपास के ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के लगभग 1600 नियमित तथा 900 स्वाध्यायी विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इस प्रकार महाविद्यालय में करीब 2500 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर अतिरिक्त भवन एवं कक्षों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

नवीन भवन के निर्माण से महाविद्यालय में कक्षों की उपलब्धता बढ़ेगी, विद्यार्थियों को सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण मिलेगा तथा संस्थान की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।
इस महत्वपूर्ण सौगात पर महाविद्यालय की जनभागीदारी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक 06 के पार्षद विकाश कुमार गुप्ता ने मंत्री श्री रामविचार नेताम के प्रति आभार व्यक्त किया है।
गुप्ता ने कहा कि रामानुजगंज क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विकास एवं विद्यार्थियों के हित में मंत्री जी का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय और दूरदर्शी है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक भवन निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर शिक्षा और आने वाली पीढ़ियों के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने महाविद्यालय परिवार एवं जनभागीदारी प्रबंधन समिति की ओर से मंत्री जी का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि इस पहल से महाविद्यालय के विकास को नई गति मिलेगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा।
विकास कुमार गुप्ता ने महाविद्यालय परिवार, जनभागीदारी प्रबंधन समिति तथा समस्त नगर एवं क्षेत्रवासियों की ओर से मंत्री रामविचार नेताम को इस ऐतिहासिक सौगात के लिए हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि नवीन भवन का निर्माण रामानुजगंज में उच्च शिक्षा को नई मजबूती देगा और शिक्षा के क्षेत्र में नगर की पहचान को और बेहतर बनाएगा।



