शिक्षकों की 8 सूत्रीय मांगों को लेकर टीचर्स एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
शिक्षकों की लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग, डीईओ-बीईओ को सौंपा 8 सूत्रीय ज्ञापन

शिक्षकों की 8 सूत्रीय मांगों को लेकर टीचर्स एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
रामानुजगंज/रामचंद्रपुर (बलरामपुर)। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन की ब्लॉक इकाई रामचंद्रपुर ने शिक्षकों की स्थानीय सेवा संबंधी समस्याओं और लंबित भुगतानों के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी बलरामपुर-रामानुजगंज एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामचंद्रपुर को 8 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

ब्लॉक अध्यक्ष अंचल यादव ने बताया कि रामचंद्रपुर विकासखंड के शिक्षक लंबे समय से सेवा पुस्तिका, जीपीएफ, एनपीएस, अवकाश प्रविष्टि एवं लंबित एरियर्स सहित विभिन्न सेवा संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। संगठन ने संबंधित अधिकारियों से मांगों का समय-सीमा के भीतर पारदर्शी एवं नियमानुसार निराकरण करने की मांग की है।

ज्ञापन में शामिल प्रमुख मांगें
- सेवा पुस्तिका का संधारण: रामचंद्रपुर विकासखंड के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की सेवा पुस्तिका का संधारण कोष, लेखा एवं पेंशन शाखा अंबिकापुर (सरगुजा) से शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
- GPF पासबुक का अपडेशन: सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की जीपीएफ पासबुक का नियमित संधारण एवं आवश्यक प्रविष्टियां सुनिश्चित की जाएं।
- NPS खाते में राशि जमा: पूर्व में कटौती की गई जीपीएफ की शेष राशि संबंधित शिक्षकों के एनपीएस खातों में तत्काल हस्तांतरित की जाए।
- ऑनलाइन अवकाश प्रविष्टि: ‘सीजी स्कूल’ पोर्टल पर शिक्षकों द्वारा लिए गए विभिन्न प्रकार के अवकाश की ऑनलाइन प्रविष्टियां शीघ्र अपडेट की जाएं।
- लंबित एरियर्स का भुगतान: शिक्षक-शिक्षिकाओं की शेष लंबित एरियर्स राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
- जनगणना एवं चुनाव ड्यूटी का विशेष अर्जित अवकाश: जनगणना एवं चुनाव ड्यूटी में संलग्न शैक्षणिक कर्मचारियों को नियमानुसार विशेष अर्जित अवकाश स्वीकृत कर उसकी प्रविष्टि सेवा पुस्तिका में की जाए।
- अनुसूचित क्षेत्र का 10 दिवसीय विशेष अवकाश: अनुसूचित क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को शासन द्वारा स्वीकृत 10 दिवस के विशेष अर्जित अवकाश का लाभ देते हुए सेवा पुस्तिका में प्रविष्टि की जाए।
- संकुल समन्वयकों का अर्जित अवकाश: पूर्व एवं वर्तमान में कार्यरत सभी संकुल समन्वयकों के प्रतिवर्ष 15 दिवस के मान से अर्जित अवकाश की गणना कर उसकी प्रविष्टि सेवा पुस्तिका एवं ऑनलाइन पोर्टल पर की जाए।

एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि उक्त मांगें शिक्षकों की सेवा संबंधी मूलभूत समस्याओं से जुड़ी हैं। उन्होंने अधिकारियों से सभी 8 बिंदुओं पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई। संगठन का कहना है कि लंबित प्रकरणों के निराकरण से शिक्षकों को राहत मिलेगी और वे अपने अध्यापन कार्य पर अधिक प्रभावी ढंग से ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अंचल यादव, प्रदेश संगठन मंत्री मणि यादव, जिला संरक्षक देववंश यादव, सचिव रमन गुप्ता, मंटू ठाकुर, संजय गुप्ता, लक्ष्मी सोनी, अवधेश यादव, सुधीर यादव, सुखदेव यादव, विजय यादव, उदयशंकर शर्मा, मनमोहन यादव, सत्यप्रकाश रवि, अजय गुप्ता, चन्द्रदीप यादव, राजेश गुप्ता, निरंजन कुमार, मुल्तान आजाद, हृदय यादव, श्रीमती रीना जायसवाल, श्रीमती स्वाती तिर्की, श्रीमती शमीमुनिशा, श्रीमती लक्ष्मी ठाकुर, श्रीमती इंद्रमणि गुप्ता, नीरू कश्यप, माइकेला लकड़ा, श्रीमती निर्मला जायसवाल, श्रीमती ज्योति चौबे, श्रीमती गीता सिंह, कृष्ण कुमार, सतीश यादव, दीनानाथ यादव, राकेश सिन्हा, नन्दलाल गुप्ता, लल्लू यादव, विद्यासागर यादव, विकल्प गुप्ता, फुलझावन सिंह, विजय नेटी, सत्यनारायण यादव, दिलीप नायक सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।


